कब्र खोदी, शव निकाला, फिर सिर काटा, जानें बिजनौर पुलिस ने जेल में क्यों डाले दो तांत्रिक...
बिजनौर : कब्रिस्तान में कब्र से कारी (कुरान को नियमानुसार पढ़नेवाला) का सिर काटकर ले जाने के मामले का पुलिस ने 20 दिन बाद राजफाश कर तंत्र क्रिया करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों ने बताया कि वे अंधविश्वास में फंस गए थे। उन्हें लगा कि काटे गए सिर पर तंत्र क्रिया कर उसे सिद्ध करने के बाद उससे सट्टे का नंबर पूछने पर उन्हें मोटी रकम मिल जाती। लोगों में आक्रोश फैलने और पुलिस के पीछे लगे होने के चलते आरोपित खोपड़ी को लेकर मुंबई पहुंच गए और समुद्र में फेंक दिया।
22 सितंबर की रात कारी सैफुर्रहमान की कब्र से उनके शव से सिर काटकर गायब कर दिया गया था। पुलिस ने बेटे फैजान की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने शनिवार को कसीमुद्दीन और रामवीर को गिरफ्तार कर लिया। सीओ सिटी संग्राम सिंह ने बताया कि दोनों आरोपित तंत्र क्रिया करने के साथ ही सट्टा भी खेलते थे।
उन्हें कारी सैफुर्रहमान की कब्र का पता चला। उनकी कुछ दिनों पहले ही मौत हुई थी। उन्होंने योजना बनाई कि कारी की खोपड़ी से ही सट्टे पर तंत्र क्रिया सिद्ध कर नंबर पता लग सकता है। 22 सितंबर की रात दोनों ने कब्र पर तंत्र मंत्र कर सिर काटकर ले गए। आरोपित कसीमुद्दीन 27 सितंबर को कटे सिर को लेकर ट्रेन से मुंबई चला गया। वहां उसका भाई नसीम रहता है। एसपी अभिषेक झा ने बताया कि आरोपितों ने सिर को समुद्र में फेंक दिया है, फिर भी सिर की तलाश जारी है।


