सरकारी राशन की दुकान सील, पांच की जमानत राशि जब्त
आगराः पुष्टाहार और राशन वितरण वितरण में हेराफेरी रोकने के लिए प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। शनिवार को मंडलभर में छापे मारे गए। आगरा में राशन की एक दुकान को सील कर दिया। अन्य जिलों में पांच की जमानत राशि जब्त कर ली।
तहसील फतेहाबाद की ग्राम पंचायत ठेरई में चरन सिंह की सरकारी राशन की दुकान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दुकान बंद मिली। दुकान पर साइन बोर्ड, रेट बोर्ड, स्टाक बोर्ड आदि सूचनाओं का प्रदर्शन नहीं पाया गया। यही नहीं, कार्ड धारकों ने कम मात्रा में खाद्यान उपलब्ध कराए जाने की शिकायत की। जिस पर दुकान को सील कर दिया गया।
फिरोजाबाद में सिलेटी सिंह, ग्राम नगला नथुआ, नवाब सिंह, ग्राम बड़ा गांव, वीरेन्द्र सिंह, ग्राम-नगला फेरती पाठक, की राशन की दुकान पर वितरण स्केल प्रदर्शित न करने, स्टाक रजिस्टर में विवरण दर्ज न करने और अन्त्योदय कार्ड धारकों की सूची का प्रदर्शन न पाए जाने पर जमानत राशि जब्त कर ली गई है। मैनपुरी में नरेंद्र सिंह, ग्राम किरथुआ और मथुरा में रघुवीर प्रसाद, नगर पंचायत कोसीकलां की राशन की दुकान पर वितरण स्केल प्रदर्शित न पाए जाने पर जमानत राशि जब्त करने के निर्देश दिए गए।

