माफिया की 4,057 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई : योगी
लखनऊ : पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अपराध के विरुद्ध जीरो टालरेंस की नीति के तहत प्रदेश में माफिया व अपराधियों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है। अपराधियों में कानून का भय पैदा करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसके दृष्टिगत पुलिस के मनोबल, कार्यकुशलता और व्यावसायिक दक्षता को बढ़ाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।
अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए मार्च 2017 से अब तक गैंगस्टर एक्ट के तहत 77,811 आरोपितों को व राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत 923 आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। माफिया के विरुद्ध दर्ज 68 मुकदमों में प्रभावी पैरवी कर 31 माफिया व उनके 66 सहयोगियों को सजा सुनिश्चित कराई गई। इनमें दो को फांसी की सजा हुई। माफिया व अपराधियों की काली कमाई में 4,057 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त/ध्वस्त व अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई। पुलिस विभाग में विभिन्न पदों पर 1.54 लाख कर्मियों की भर्ती हुई जिनमें 22 हजार से अधिक महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। विभिन्न अराजपत्रित पदों पर 1.41 लाख से अधिक कर्मियों को पदोन्नति दी गई।
55 हजार आरोपितों को दिलाई सजा: डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा कि पुलिस कार्रवाई का परिणाम है कि प्रदेश माफिया और संगठित अपराधियों से मुक्त हुआ है। आपरेशन अभियोजन के तहत 13 माह में लगभग 55 हजार आरोपितों को सजा सुनिश्चित कराई गई है।


