सक्रिय सदस्य नहीं बने तो पदाधिकारी बनने का रास्ता भी हो जाएगा बंद
डेस्क, न्यूज। भाजपा में पदाधिकारी बनना चाहते हैं तो अंतिम कुछ घंटे ही बचे हुए हैं। व्यह कहने में कुछ अजीब सा लग सकता है, क्योंकि 16 अक्टूबर से तो सक्रिय सदस्य बनने की प्रक्रिया ही शुरू होगी लेकिन वास्तविकता यह है कि 15 अक्टूबर की रात 12 बजे तक ही प्राथमिक सदस्य बनाए जा सकते हैं। इस समय तक जिन लोगों ने 50 प्राथमिक सदस्य नहीं बनाए वे सक्रिय सदस्य नहीं बन सकेंगे। इतना ही नहीं सक्रिय सदस्य न बनने की वजह से पार्टी में पदाधिकारी बनने का रास्ता भी बंद हो जाएगा।
भाजपा में दो सितंबर से प्राथमिक सदस्यता अभियान शुरू हुआ था। प्राथमिक सदस्यता अभियान मंगलवार की रात खत्म हो जाएगा। बुधवार 16 अक्टूबर से सक्रिय सदस्यता शुरू हो जाएगी। इसलिए जिन लोगों ने 50 प्राथमिक सदस्य बनाए होंगे, वे ही सक्रिय सदस्यता के लिए आवेदन कर सकेंगे। सक्रिय सदस्यता को लेकर सोमवार को कार्यशाला भी होनी है। इसके साथ ही क्षेत्रीय पदाधिकारियों को एक-एक जिला इकाई की स्क्रीनिंग की जिम्मेदारी दे दी गई है। इसमें यह भी जांच की जाएगी कि ठीक तरह से आनलाइन सभी प्राथमिक सदस्य बनाए गए हैं। या नहीं। उनके रेफरल हैं या नहीं।
सक्रिय सदस्य बनने के लिए आवेदन करने वाले को नमो एप माइक्रो डोनेशन पोर्टल से 100 रुपये शुल्क जमाकर उसका स्क्रीन शाट लेकर सदस्यता फार्म के साथ उसे लगाना होगा। साथ ही जिला समिति को आवेदन पत्र और बनाए गए सदस्यों की सूची प्रोफार्मा पर देनी होगी। जिला समीक्षा समिति का संयोजक प्रदेश से भेजा जाएगा।


