दुष्कर्म के प्रयास का आरोप बजरंग दल का प्रदर्शन
आगराः ट्रांस यमुना क्षेत्र में एक युवती ने चार युवकों पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई के लिए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रविवार को थाने पर प्रदर्शन किया।
क्षेत्र की युवती ने बताया कि वो ब्यूटी पार्लर संचालित करती है। क्षेत्र का रहने वाला मुनीष अल्वी देर रात तक वाट्सएप पर काल कर संबंध बनाने का दबाव बनाता था। खुद के मुस्लिम होने की धमकी देकर परिवार को कटवाकर मार देने की बात कहता था। दो माह पूर्व मुनीष अपने साथियों यूनिस, आमिर और सद्दाम के साथ उसे जबरन पोइया के जंगल ले गया।
उससे अश्लील हरकत करने लगा। वो जैसे-तैसे चंगुल से निकलकर भाग आई। अब लगातार उसके घर और ब्यूटी पार्लर पर आकर अभद्रता करता है। मुनीष और उसके साथियों को कुछ दिन पूर्व थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने अभद्रता पर पकड़ा था। इसके बाद से आरोपित सोशल मीडिया पर एक सिपाही और थाना पुलिस के लिए गलत पोस्ट कर रहे थे।
रविवार को बजरंग दल के नवल किशोर ने साथियों के साथ थाना ट्रांस यमुना पर नारेबाजी की। आरोपितों द्वारा क्षेत्र में रंगदारी और महिलाओं का शोषण करने का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी भानु प्रताप ने बताया कि महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।


