नहर में गिरी तेज रफ्तार बेकाबू बाइक, दो की मौत
कौशांबी: मंझनपुर के बाजापुर गांव के समीप तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर नहर में गिर गई। इस पर सवार दो किशोरियों सहित चार लोग गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया, जहां एक किशोरी समेत दो की मौत हो गई।
नगर पालिका परिषद मंझनपुर के चंद्रशेखर आजाद नगर (गौसपुर टिकरी) के रामसुरेमन सरोज की 15 वर्षीय बेटी अंजली रविवार रात बुआ की 16 वर्षीय बेटी सुखरानी के साथ दशहरा मेला देखने जा रही थी। सुखरानी के बहनोई का भाई 20 वर्षीय गुड्डू निवासी बेलावां, धाता (फतेहपुर) भी अपने मामा के 21 वर्षीय बेटे लल्लू निवासी बमरौली (धाता) के साथ आ गया। चारों एक बाइक पर सवार होकर मंझनपुर दशहरा मेला देखने निकल पड़े। रात करीब 12 बजे सभी वापस बेलावां गांव चल दिए। बाजापुर गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी।
राहगीरों की उन पर नजर पड़ी तो पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने सभी को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। वहां डाक्टरों ने अंजली व गुड्डू को मृत घोषित कर दिया, वहीं दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।


