मंदिर से चोरी कर धार्मिक ग्रन्थ जलाया; पुजारी की तहरीर पर केस
मंदिर से दो सौ मीटर दूरी पर मिला जला ग्रंथ, पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
बिजनौर : शरारती तत्वों ने गोगा मंदिर से रामचरितमानस चोरी कर जला दिया। पुलिस ने मंदिर के सेवादार की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। ग्रामीणों ने मुस्लिम समुदाय के लोगों पर शक जताया है।
मंदिर में गांव के ही यादराम सैनी सेवादार हैं। मंदिर में रामचरितमानस रखी थी। मंदिर से लगभग 200 मीटर दूर शौकीन के आम के बाग में एक अन्य देवता का स्थान है। यादराम रविवार शाम मंदिर गए तो वहां रामचरितमानस नहीं था। मंदिर से कुछ दूरी पर आम के बाग में स्थित देवस्थल के अंदर रामचरितमानस जला हुआ मिला। जानकारी होने पर बड़ी संख्या में
ग्रामीण एकत्र हो गए। पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध धार्मिक भावना आहत करने से संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ग्रंथ सुबह छह बजे चोरी किया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर के पास में मजार है। इस पर कुछ समय पहले विवाद हुआ था। शक है कि दूसरे संप्रदाय के लोगों ने घटना को अंजाम दिया है। एसओ हरिओम सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। घटना के पीछे वहां आने-जाने वाला व्यक्ति हो सकता है।


