दुकान से लौट रही महिला के साथ छेड़छाड़, केस
बस्ती। जिले के गौर थाना क्षेत्र के हलुआ बाजार में दुकान से लौट रही महिला के साथ छेड़छाड़ करने व विरोध करने पर स्वजन को मारने-पीटने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
हलुआ बाजार निवासी काशीराम ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया है कि बाजार में उसकी कापी किताब की दुकान है। 21 अक्टूबर की रात लगभग 10 बजे दुकान बंद कर अपनी बहू पूजा व दो बेटे दुर्गेश व अनुज के साथ खाना खाने घर जा रहे थे। रास्ते में रफीकुल्लाह, सलमान, समीर, अनिल, कालिया व टिकोरी पता अज्ञात थाना गौर डीजे बजा रहे थे। उधर से गुजरते समय उक्त लोग उसकी बहू से छेड़छाड़ करने लगे। मना करने पर मारापीटा। मारपीट में बेटे अनुज का सिर फट गया और वह बेहोश होकर गिर गया। आरोपित शिकायत करने पर जान से मार देने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।


