अज्ञात वाहन की ठोकर से महिला की हुई मौत
बस्ती। गुरुवार को फोरलेन पर हरैया थाना क्षेत्र के बेलाडे शुक्ल चौराहे के पास देर शाम हाईवे पार करते समय एक महिला को अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दिया।
घायल महिला को सीएचसी हरैया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हरैया थाना क्षेत्र के बेलाडे शुक्ल गांव निवासी 55 वर्षीय सुलोचना देवी अपने पति गिरजेश के साथ गुरुवार को अपने मायके सुल्तानपुर में गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। वहां से दोनों शाम को बस से लौटकर बेलाडे शुक्ल चौराहे पर उतरे।
घर जाने के लिए दोनों हाईवे पार कर रहे थे कि सुलोचना देवी को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
पति ने पत्नी को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी हरैया पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें देखकर मृत घोषित कर दिया। मृतक के स्वजन का रो-रो कर बुरा हाल है। गांव में मातम छाया है।


