पत्नी ने जड़ा थप्पड़ तो पति ने कर दी हत्या
प्रयागराज। कटघर इलाके में सोमवार की रात कहासुनी होने पर पत्नी ने पति को थप्पड़ जड़ दिया। गुस्साए पति ने घर में रखे चाकू से पत्नी की हत्या कर दी। बेटे की तहरीर पर मुट्ठीगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र के कटघर मुहल्ला निवासी सूरज शर्मा जल निगम में संविदाकर्मी है। उसकी शादी 22 साल पहले साधना से हुई थी। परिवार में दो बेटे तुषार और आदित्य हैं। सोमवार को रक्षाबंधन का पर्व था। रात में सूरज घर पहुंचा तो छोटा बेटा आदित्य पैसे मांगने लगा। नशे में होने के चलते सूरज ने पैसे देने के बजाय गाली-गलौज करने लगा। पत्नी साधना ने टोका तो झगड़ा हो गया। आरोप है कि इसी बीच साधना ने पति को थप्पड़ मार दिया। तैश में आए सूरज ने चाकू उठाया और पत्नी के पेट में घोंप दिया और उसे घायल
अवस्था में छोड़कर भाग निकला। पड़ोसियों की मदद से बेटे जख्मी साधना को अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर थाना प्रभारी मुट्ठीगंज सुनील बाजपेयी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर बड़े बेटे तुषार की तहरीर पर मुकदमा लिखा और फिर आरोपित को गिरफ्तार करते हुए हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। एसीपी पुष्कर वर्मा का कहना है कि बेटे द्वारा पैसे मांगने को लेकर झगड़ा हुआ था, जिस पर पत्नी ने थप्पड़ मारा था। इसके बाद पति ने चाकू मारकर पत्नी की हत्या कर दी।


