डिजिटल तरीके से तीन घंटे में दांतों पर लग रहे कैप
यूपी, आगरा। दांत पर कैप लगाने के लिए डिजिटल तरीका इस्तेमाल किया जा रहा है। पहले एक सप्ताह का समय लगता था, अब तीन घंटे में कैप लगाया जा रहा है। होटल डबल ट्री बाई हिल्टन में रविवार को इंडियन डेंटल एकेडमी (आइडीए), आगरा की कार्यशाला में दूसरे दिन डिजिटल दंत चिकित्सा और प्रैक्टिस मैनेजमेंट पर चर्चा की गई।
लखनऊ से आए डा. प्रवीन राय ने बताया कि दांत पर कैप लगाने के लिए मैटेरियल को मुंह में लगाकर उसका आकार पता किया जाता था। इससे उल्टी होने लगती थी, अब स्कैनर की मदद से कैप का आकार निर्धारित किया जा रहा है। तीन घंटे में कैप तैयार हो जाता है। पुरानी पद्धति से एक सप्ताह का समय लगता था। दिल्ली के डा. एसपी अग्रवाल ने प्रैक्टिस मैनेजमेंट पर चर्चा की। आइडीए, आगरा के अध्यक्ष डा. विवेक शाह, सचिव डा. मनोज यादव, डा. अनिल अग्रवाल, डा. राजीव अग्रवाल, डा. आरके आहूजा आदि मौजूद रहे।


