फर्जी वेबसाइट बना ठगी करने वाले साइबर अपराधी गिरफ्तार
गोरखपुर। फर्जी वेबसाइट बनाकर ठगी करने वाले साइबर अपराधी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल व कैंट थाना पुलिस की टीम ने रविवार को गिरफ्तार किया। कुशीनगर जिले का रहने वाला आरोपित इंदिरानगर मोहल्ले में किराए पर कमरा लेकर रहता था। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन, दो लैपटाप बरामद हुए। पूछताछ के बाद दिल्ली पुलिस आरोपित को उसके गांव कुशीनगर जिले के लतवाजीत गांव ले गई। वहां से लौटने के बाद दोपहर बाद न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड के लिए अर्जी दी। शाम को आरोपित को अपने साथ लेकर टीम दिल्ली रवाना हो गई।
कुशीनगर के तमकुहीराज थाना क्षेत्र के लतवाजीत निवासी अमित गोंड कैंट क्षेत्र के इंद्रानगर में कालिका होटल के पास किराए के कमरे में रह रहा था। पुलिस ने बताया कि अमित द्वारा फर्जी वेबसाइट बनाकर देशभर में लोगों को आधार, वोटर कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, आवास प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जाता था। विभिन्न बैंकों में फर्जी कागजात पर खाता खोलकर साइबर फ्राड की रकम मंगाई जाती थी।
दिल्ली में साइबर अपराध केस में वांछित अमित गोंड को दिल्ली क्राइम ब्रांच काफी दिनों से तलाश रही थी। उसकी लोकेशन इंद्रानगर मोहल्ले में मिलने पर रविवार की सुबह सुबह दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के इंस्पेक्टर सतीश कुमार अपनी टीम के साथ गोरखपुर पहुंचे। कैंट थाना पुलिस को लेकर कमरे पर पहुंचे और अमित को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पता चला कि लतवाजीत का अमित गोंड दो भाइयों में बड़ा है। सात वर्ष तक उसने लतवा बाजार में स्थित सहज जन सेवा केंद्र पर बतौर कर्मचारी काम किया।
एक वर्ष पहले किराये के मकान में उसने कम्प्यूटर सेंटर खोल दिया और आनलाइन काम करने लगा। इसी दौरान उसने एक फर्जी बेवसाइट बनाकर फर्जी वोटर, आधार कार्ड, जन्म प्रमाण/मृत्यु प्रमाण पत्र, अवासीय प्रमाण पत्र बनाकर देने लगा जिसके जरिए बैंक में फर्जी खाता खुलवाकर साइबर अपराधी इसमें ठगी के रुपये भेजकर निकालते थे। इस संबंध में दिल्ली पुलिस ने जालसाजी व आइटी एक्ट का मुकदमा दर्ज किया था


