देशभर में चार लाख फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बनाने वाले गिरोह का सरगना रविकेश गिरफ्तार
रायबरेली। ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) की आइडी से बनाए गए 19,184 फर्जी जन्म प्रमाणपत्र के मामले के मास्टरमाइंड रविकेश को यूपी एटीएस ने गिरफ्तार कर लिया है।
उस पर रायबरेली पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इस मामले में गिरफ्तार कुल आरोपितों की संख्या 18 हो गई है।
एटीएस के अधिकारियों के मुताबिक आरोपित रविकेश ने दो वेबसाइट व सरकारी पोर्टल के माध्यम से कई राज्यों में लगभग चार लाख फर्जी जन्म प्रमाणपत्र और करीब पांच हजार फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनाए। अन्य संदिग्धों के नाम भी सामने आए हैं, जिन्होंने ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) की आइडी व पासवर्ड का दुरुपयोग कर जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र बनाए हैं। रायबरेली के सलोन ब्लाक में तैनात वीडीओ विजय सिंह यादव की आइडी व पासवर्ड से सीएससी संचालक जीशान खान और अन्य ने 19,184 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जारी किए थे।
सहायक विकास अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने 17 जुलाई को मुकदमा दर्ज कर विजय, सीएससी संचालक जीशान खान, रियाज खान, सुहैल को गिरफ्तार किया था। बाद में 13 अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।


