बस्ती। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के दुबौली मिश्र गांव में शनिवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार दुबौली मिश्र निवासी रिद्धि देवी (29) पत्नी शिवकुमार का शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना पीआरबी के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना पाकर थानाध्यक्ष कप्तानगंज आलोक कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने बताया
थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। तहरीर प्राप्त होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
