मनीष मिश्रा का संकल्प : बस्ती को 'बेस से स्पेस' तक ले जाएंगे, जल्द बनेगा स्पेस नॉलेज सेंटर
बस्ती। बस्ती को 'बेस से स्पेस' तक ले जाने का सपना अब साकार होने की दिशा में बढ़ रहा है। पहस संस्था के संस्थापक मनीष मिश्रा ने बुधवार को सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि पिछले चार-पांच महीनों से उनकी टीम भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के संपर्क में थी। जिले में स्पेस एजुकेशन को बढ़ावा देने और बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ने के लिए लगातार बातचीत चल रही थी।
मनीष मिश्रा ने कहा कि जब उन्होंने बस्ती को 'बेस से स्पेस' तक ले जाने की बात कही तो कई लोगों ने इसका मजाक उड़ाया। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने सवाल किया कि बस्ती स्पेस तक कैसे जाएगी। कहा कि अब इसका जवाब सामने है। इसरो और उसके आउटरीच पार्टनर के साथ बातचीत पूरी हो चुकी है और जल्द ही बस्ती में 'स्पेस नॉलेज सेंटर' स्थापित करने की तैयारी है। बताया कि इस केंद्र के माध्यम से जिले के बच्चों और युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान, नई तकनीक और स्पेस सेक्टर से जुड़ी जानकारी हासिल करने का अवसर मिलेगा। इससे विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने और उन्हें भविष्य के तकनीकी क्षेत्रों के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी।
युवा प्रतिभाओं की होगी तलाश
बस्ती में 'यंग टैलेंट हंट प्रोग्राम' शुरू करने की भी तैयारी है। इसके माध्यम से अंतरिक्ष विज्ञान और स्पेस सेक्टर में रुचि रखने वाले प्रतिभाशाली बच्चों और युवाओं की पहचान की जाएगी। चयनित प्रतिभाओं को अंतरिक्ष विज्ञान से संबंधित गतिविधियों और ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों से जोडने का प्रयास किया जाएगा। मनीष मिश्रा ने कहा कि बस्ती के बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें सही मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है। स्पेस नॉलेज सेंटर और टैलेंट हंट प्रोग्राम इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे। इससे जिले के विद्यार्थियों को महानगरों में उपलब्ध अवसरों की तरह अपने ही जिले में अंतरिक्ष विज्ञान और नई तकनीक से जुड़ने का मंच मिल सकेगा।
