हर्रैया (बस्ती)। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन तहसील इकाई हर्रैया की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र हर्रैया के सभागार में जिलाध्यक्ष अवधेश कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं, पत्रकार हितों की सुरक्षा तथा निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में तहसील क्षेत्र के बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
![]() |
| बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष |
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अवधेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज और लोकतंत्र के प्रति एक नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि पत्रकार को हमेशा सत्य, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। पत्रकार की सबसे बड़ी पूंजी उसकी ईमानदारी, विश्वसनीयता और निष्पक्ष छवि होती है, जिससे किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण पत्रकार सीमित संसाधनों में भी गांवों की वास्तविक समस्याओं और समाज की सच्ची तस्वीर शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। संगठन का उद्देश्य प्रत्येक पत्रकार के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करना है। उन्होंने सभी पत्रकारों से तथ्यपरक, जिम्मेदार और सकारात्मक पत्रकारिता करने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा, जब उसके सदस्य आपसी एकता, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के साथ कार्य करेंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए तहसील अध्यक्ष राजेश सिंह विशेन, जिला उपाध्यक्ष जनार्दन पाण्डेय तथा तहसील संरक्षक एस.एन. द्विवेदी सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार लोकतंत्र के सशक्त प्रहरी हैं। निष्पक्ष, निर्भीक और तथ्य आधारित पत्रकारिता ही पत्रकार की वास्तविक पहचान है। उन्होंने संगठन की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि पत्रकारों को आपसी सहयोग और संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।
बैठक में हाल ही में बभनान में एक पत्रकार के साथ स्थानीय नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा कथित मारपीट की घटना की कड़ी निंदा करते हुए सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। संगठन की ओर से संबंधित पत्रकार से भी इस मामले में जवाब तलब किया गया है। वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में संगठन पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा रहेगा।
सदस्यों ने बिना संगठन को विश्वास में लिए मामले में समझौता किए जाने पर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्णय लिया कि भविष्य में यदि किसी पत्रकार के साथ ऐसी कोई घटना होती है तो उसकी सूचना तत्काल संगठन को दी जाएगी, ताकि सामूहिक निर्णय लेकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री अनिल कुमार पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर रामललित यादव, शमशेर बहादुर सिंह, रूबल कमलापुरी, आदित्य सिंह, प्रेम कुमार सिंह, विवेक पाण्डेय, दिलीप पाण्डेय, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, शक्ति शरण उपाध्याय, नवीन तिवारी, अनिल कुमार त्रिपाठी, रवीश, बृजकिशोर यादव, राजेंद्र कुमार कमल, बृजेश कुमार, विजय कुमार शर्मा, हिमांशु द्विवेदी, सुभाष मिश्र, मनोज सिंह, मो. इन्द्रीश सिद्दीकी, जटाशंकर पाण्डेय, प्रमोद श्रीवास्तव, दिनेश पटेल, सत्यदेव शुक्ल, बृजेश पाल सिंह, रामजीत पाण्डेय एवं नरेन्द्र कुमार मिश्र सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

