बस्ती में गरजे मुकेश सहनी, बोले— '2027 से पहले आरक्षण नहीं तो वोट नहीं'
बस्ती। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने मंगलवार को बस्ती में आयोजित प्रेस वार्ता में निषाद समाज के आरक्षण को लेकर बड़ा राजनीतिक ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अगले महीने से पूरे उत्तर प्रदेश में 'निषाद आरक्षण संकल्प यात्रा' निकाली जाएगी, जिसमें गंगाजल हाथ में लेकर समाज के लोगों से "आरक्षण नहीं तो वोट नहीं" का संकल्प दिलाया जाएगा।
मुकेश सहनी ने कहा कि निषाद समाज की लड़ाई अपने संवैधानिक अधिकारों की है और केंद्र सरकार ने अब तक आरक्षण के मुद्दे पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया। उन्होंने दावा किया कि यदि 2027 विधानसभा चुनाव से पहले आरक्षण नहीं मिला तो निषाद समाज लोकतांत्रिक तरीके से अपना जनादेश देगा।
उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. संजय निषाद को निषाद समाज के मुद्दों पर सार्वजनिक लाइव डिबेट की खुली चुनौती देते हुए भाजपा छोड़कर 'इंडिया' गठबंधन में आने का भी न्योता दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा होने पर वह गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं से बातचीत कर उन्हें सम्मानजनक राजनीतिक भागीदारी दिलाने का प्रयास करेंगे।
प्रेस वार्ता में जसपाल निषाद, इंजीनियर राजबहादुर निषाद, डॉ. मिथलेश मझवार, पंकज निषाद सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में निषाद समाज के लोग मौजूद रहे।

