दुबौलिया फीडर में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप, अधिवक्ता ने अधीक्षण अभियंता से निष्पक्ष जांच की मांग
बस्ती। दुबौलिया विकास खंड के विद्युत फीडर पर तैनात अवर अभियंता के खिलाफ भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाते हुए अधिवक्ता चिन्ताहरन सिंह ने अधीक्षण अभियंता को शिकायत पत्र सौंपकर उच्चस्तरीय जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि क्षेत्र के कई किसानों को एक ही गाटा संख्या और चक नंबर पर विद्युत कनेक्शन जारी किए गए हैं, जबकि अन्य स्थानों पर नियमों के विपरीत मोटरों का संचालन कराया जा रहा है। इससे विभाग को राजस्व हानि होने के साथ सरकारी नियमों की अनदेखी की जा रही है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि अवर अभियंता किसानों से कथित रूप से अवैध धन उगाही कर मनमाने तरीके से कनेक्शन जारी कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी लंबे समय से फीडर पर प्रभाव बनाए हुए हैं और अपने खिलाफ कार्रवाई न होने का दावा करते हैं। अधिवक्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के बाद क्षेत्र में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

