प्रतिबंधित सॉफ्टवेयर से टिकटों का काला कारोबार बेनकाब, रेलवे की संयुक्त कार्रवाई में दलाल गिरफ्तार
बस्ती। रेलवे आरक्षित टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन उपलब्ध के तहत अपराध आसूचना शाखा लखनऊ, लखनऊ मंडल की टास्क टीम और आरपीएफ पोस्ट बस्ती ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़े टिकट दलाल को गिरफ्तार किया है। टीम ने संतकबीरनगर जिले के सेमरियावां-टीमा रोड स्थित चिउटना बाजार में छापेमारी कर नसीबुल्ला (41) निवासी सिसवा तालिब, थाना दुधारा को दबोच लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले चार वर्षों से प्रतिबंधित गदर और एलेक्सा सॉफ्टवेयर के साथ कई IRCTC पर्सनल यूजर आईडी का इस्तेमाल कर ई-टिकट और तत्काल श्रेणी के PRS काउंटर टिकटों की अवैध बिक्री कर रहा था। वह एसी टिकट के लिए प्रति यात्री ₹5000 और स्लीपर टिकट के लिए ₹3200 तक वसूलता था। भुगतान UPI और PhonePe के माध्यम से लिया जाता था।
छापेमारी में आरोपी के मोबाइल से एक ई-टिकट, तीन PRS टिकट, व्हाट्सएप चैट, UPI लेन-देन सहित कई अहम डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए। मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है, जबकि आरोपी की दुकान उसकी सहमति से सील कर दी गई। मामले में आरपीएफ पोस्ट बस्ती पर रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक कमलेश कुमार यादव को सौंपी गई है। वहीं, इस नेटवर्क से जुड़े दो अन्य आरोपियों—एक सॉफ्टवेयर सुपर सेलर और एक मल्टीस्टेट तत्काल टिकट दलाल—की तलाश जारी है।

