बस्ती। नगर पंचायत मुंडेरवा के उमरी अहरा गांव में शहीद अग्निवीर नरेंद्र कुमार यादव के पैतृक आवास पहुंचकर पहल सोशल वेलफेयर एंड एजूकेशनल सोसायटी के संस्थापक मनीष मिश्रा ने श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद के चित्र पर पुष्प चढ़ाए और परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि मातृभूमि की रक्षा में दिया गया यह सर्वोच्च बलिदान सदैव देश को प्रेरित करता रहेगा।
मनीष मिश्रा ने परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता देने, एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराने तथा उनके आवास पर दो कमरों का निर्माण कराने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि यह केवल सहायता नहीं, बल्कि समाज के प्रति उनका दायित्व है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी परिवार को किसी प्रकार की आवश्यकता होने पर वह हर संभव सहयोग करेंगे।
उन्होंने युवाओं से देशभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना अपनाने का आह्वान किया। स्थानीय लोगों ने मनीष मिश्रा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनका योगदान प्रेरणादायक है। उन्होंने शहीद परिवारों के सम्मान और सहयोग को प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य बताया।

