बस्ती पुलिस की बड़ी कामयाबी: 35 लाख रुपये के 165 गुमशुदा मोबाइल बरामद, मालिकों को लौटाए फोन
बस्ती। जनपद बस्ती की सर्विलांस सेल ने गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने विभिन्न कंपनियों के 165 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर प्रभारी सर्विलांस सेल शेषनाथ यादव के नेतृत्व में टीम ने लगातार प्रयास करते हुए यह सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार, थानों पर संचालित C.E.I.R. पोर्टल के माध्यम से गुमशुदा मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया गया।
24 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने पुलिस लाइन बस्ती स्थित सभागार में बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली और उन्होंने बस्ती पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।
इस कार्रवाई में सर्विलांस सेल के हेड कांस्टेबल देवेश यादव, हेड कांस्टेबल सतेन्द्र सिंह, कांस्टेबल दीपक कुमार, कांस्टेबल विक्रम सिंह, कांस्टेबल संतोष कुमार यादव और कांस्टेबल अंगद यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पुलिस की इस कार्रवाई से जिले के लोगों में भरोसा बढ़ा है। बरामद मोबाइलों में बस्ती के साथ-साथ आसपास के जनपदों के लोगों के फोन भी शामिल हैं।

