जेईई मेंस के कारण यूपी बोर्ड ने प्रायोगिक परीक्षा तिथि बदली
प्रयागराज : यूपी बोर्ड ने 22 जनवरी से 30 जनवरी तक जेईई मेंस की होने वाली परीक्षा को देखते हुए अपनी इंटरमीडिएट प्रायोगिक परीक्षा की तिथि बदल दी है। अब प्रायोगिक परीक्षा प्रथम चरण में एक फरवरी से प्रारंभ होकर आठ फरवरी तक चलेगी। इसी तरह दूसरे चरण की परीक्षा अब नौ से 16 फरवरी के मध्य कराई जाएगी।
इसकी समय सारिणी यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने शनिवार को जारी कर दी। पूर्व में प्रथम चरण की परीक्षा 23 जनवरी से 31 जनवरी के मध्य तथा दूसरे चरण की परीक्षा एक से आठ फरवरी के मध्य होनी थी।
सारिणी के अनुसार
नई समय सारिणी के अनुसार अब प्रथम चरण में अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मीरजापुर, वाराणसी एवं गोरखपुर मंडल के सभी जनपदों में कराई जाएगी। इसी तरह दूसरे चरण में आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या, आजमगढ़, देवीपाटन और बस्ती मंडल के जनपदों में कराई जाएगी। सचिव ने बताया कि जेईई परीक्षा में बड़ी संख्या में यूपी बोर्ड के 12वीं के परीक्षार्थी भी सम्मलित होते हैं, इसलिए प्रायोगिक परीक्षा की तिथि में परिवर्तन किया गया है, ताकि परीक्षार्थी दोनों परीक्षाओं में अलग-अलग समय में मनोयोग से सम्मिलित हो सकें। परिवर्तित तिथि के अनुरूप प्रायोगिक परीक्षाएं संपन्न कराने के निर्देश सभी क्षेत्रीय अपर सचिवों एवं जिला विद्यालय निरीक्षकों को दिए गए हैं।

