1.65 करोड़ के जूते खरीद मुकरा व्यापारी, मांगने पर दी धमकी
आगराः हींग की मंडी में जूते बनाने का काम करने वाले रिजवान ने तकिया वजीर शाह के मुकीमुद्दीन पर मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि व्यापार के दौरान कई बार में आरोपित ने 1.65 करोड़ रुपये का माल ले लिया। रुपयों का तकादा करने पर आरोपित ने साथियों संग मिलकर अभद्रता की। रकम मांगने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। थाना कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सावन कटरा के रिजवान ने पुलिस को बताया कि उसकी एमआरएफ ओवरसीज के नाम से फर्म है। स्टेलियोन शूज के नाम से फर्म संचालित करने वाले तकिया वजीर शाह, हींग की मंडी के मुकीमुद्दीन से 2017 से व्यापारिक संबंध थे। आरोपित माल लेने के बाद आंशिक भुगतान कर शेष के चेक देता था। बैंक में चेक लगाने की मना कर जल्द रुपये देने का वादा करता रहा। इस तरह से आरोपित पर 1.65 करोड़ रुपये बकाया हो गए। इसके सभी बिल और अन्य दस्तावेज उनके पास हैं। मई 2024 को उसने रुपये लौटाने से साफ मना कर दिया। नौ अगस्त 2024 को हींग की मंडी में मुलाकात होने पर रुपये का तकादा करने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर थाना पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड से शिकायत की। इंस्पेक्टर कोतवाली धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

