झगड़े के बाद पति ने घर छोड़ा, रोने पर मां ने बच्चों को पीटा और लगा लिया फंदा, इंस्टाग्राम पर..
कानपुरः गुजैनी जे ब्लाक में रविवार सुबह किराये के मकान में रहने वाली 23 वर्षीय मुस्कान ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले शुक्रवार को मुस्कान का पति अमित सिंह से झगड़ा हुआ था। इस बीच, अमित ने मुस्कान को पीट दिया और घर छोड़कर मैनपुरी स्थित घर चला गया। रविवार को बच्चों ने पिता को बुलाने की जिद की तो मुस्कान ने उन्हें पीटा और फिर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गोविंद नगर थाना पुलिस व फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की है।
मृतका मुस्कान के पिता
मृतका मुस्कान के पिता जमुना प्रसाद भी परिवार के साथ गुर्जेनी के आइ ब्लाक में रहते हैं। मुस्कान की बहन खुशी ने बताया कि वर्ष 2018 में मुस्कान का मैनपुरी निवासी लोडर चालक अमित सिंह से प्रेम विवाह हुआ था। दोनों को चार वर्षीय बेटा वंश, ढाई वर्षीय सूर्या व सालभर की बेटी है। अमित पत्नी और बच्चों के साथ गुजैनी के जे ब्लाक में किराये पर रहते थे। शुक्रवार को दोनों में बीच सड़क पैसों को लेकर झगड़ा हो गया। इस बीच अमित ने मुस्कान को कई थप्पड़ मारे और लोडर लेकर मैनपुरी चले गए। रविवार सुबह बच्चे पिता को बुलाने की जिदकर रोने लगे तो मुस्कान ने समझाया लेकिन वे नहीं माने। गुस्से में मुस्कान ने बच्चों को पीटा और अंदर कमरे में जाकर फंदा लगा लिया। गोविंद नगर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि दंपती के बीच विवाद के बाद पत्नी के आत्महत्या करने की बात सामने आई है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
जब कोई मर जाएगा जाएगा तभी घर लौटूंगा.. 27 को शादी की सालगिरह
खुशी ने बताया कि मुस्कान ने अमित को घर बुलाने के लिए कई बार फोन किया। इस पर अमित ने कहा कि अब जब कोई मर जाएगा तभी घर लौटूंगा। इसके बाद से मुस्कान लगातार रो रही थी। 27 जनवरी को उनकी शादी की सालगिरह भी है।
आत्महत्या से पहले इंस्टाग्राम पर किया था पोस्ट... ओल्ड इज गोल्ड
कानपुर मुस्कान ने आत्महत्या से इंस्टाग्राम पर कई पोस्ट किए थे, लेकिन आखिरी पोस्ट करीब नौ बजे का था, जिसमें एक गाना चल रहा था और कुछ बचपन के कुछ खेलों की फोटो थी। इसमें ऊपर लिखा था मोबाइल से पहले की दुनियां और नीचे ओल्ड इज गोल्ड लिखा था।

