डूडा ऋण योजना के नाम पर 80 लोगों से की ठगी
आगराः खुद को सरकारी कर्मचारी बताकर शातिर ठग ने साइबर कैफे संचालक को दो लाख रुपये का ऋण दिलाने का प्रलोभन दिया। फाइल चार्ज के नाम पर आठ हजार रुपये ले लिए। पीड़ित के जरिए उसके अन्य परिचितों को भी झांसे में लिया। इस तरह से 80 से अधिक लोगों से छह लाख रुपये से अधिक की ठगी करने के बाद मोबाइल बंद कर फरार हो गया। पीड़ित घर पहुंचे तो आरोपित के स्वजन ने रकम लौटाने का आश्वासन दिया। अगले दिन वो भी घर पर ताला लगाकर गायब हो गए। सदर थाना पुलिस मुकदमा दर्ज कर तलाश कर रही है।
सदर के जस्सा का नगला की पिंकी देवी और उनकी पुत्री ललिता ने पुलिस को बताया कि न्यू आगरा के नगला बूढ़ी के साकेत सिंह साइबर कैफे संचालित करता है। उसने काल कर डूडा की ऋण योजना के तहत नया काम करने के लिए दो लाख रुपये का ऋण मिलने की जानकारी दी। फाइल चार्ज के नाम पर आठ हजार का खर्च बताया। उन दोनों ने आरोपित को अपने दस्तावेज और रकम
दे दी। आरोपित ने उनके अन्य परिचितों से भी इसी तरह का लालच देकर रुपये ले लिए। आरोपित ने 80 से अधिक लोगों से छह लाख से अधिक रुपये आनलाइन भुगतान के जरिए लिए हैं। ऋण न मिलने पर रकम वापस मांगने पर मोबाइल बंद कर दिया। पीड़ित आरोपित के घर पहुंचे तो उसके पिता और पत्नी ने रकम लौटाने का वादा किया। दोबारा घर जाने पर वहां ताला लटका मिला।
इस मामले में एसीपी सदर विनायक भोंसले ने बताया कि पिंकी और ललिता ने धोखाधड़ी की शिकायत डीसीपी सिटी से की थी। उनके आदेश पर ही शिकायत की जांच कराई गई। जांच में मामला सही पाया गया। इसके बाद आरोपित के बैंक खाते को फ्रीज कराकर 2.13 लाख रुपये होल्ड कराए गए हैं। उसके दिल्ली में कहीं होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम को दिल्ली भेजा गया है। जल्द ही आरोपित पुलिस गिरफ्त में होगा।

