जाम में फंसे ' साहब', तीन दारोगा लाइन हाजिर
कानपुर :कल्याणपुर में बीच सड़क टेंपो के सवारियां बिठाने और इससे लगे जाम में शनिवार सुबह डीसीपी पश्चिम राजेश कुमार सिंह फंस गए। वाहन चालकों की अराजकता को पास में ही खड़े तीन दारोगा मूकदर्शक बने ताक रहे थे। अपनी आंखों के सामने इस लापरवाही को देखते ही डीसीपी की त्योरियां चढ़ गईं। तीन दारोगाओं को लाइन हाजिर कर दिया, जबकि टीएसआइ के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीसीपी ट्रैफिक को पत्र लिखा गया है। डीसीपी पश्चिम शनिवार सुबह समाधान दिवस में बिल्हौर जा रहे थे और कल्याणपुर क्रासिंग के पास जीटी रोड पर जाम में फंस गए। उन्होंने इंस्पेक्टर और इंद्रानगर चौकी इंचार्ज से भी स्पष्टीकरण मांगा है।
![]() |
| संकेत फोटो |
पिछले काफी समय से लग रहे जाम के चलते कल्याणपुर में यातायात प्रबंधन की कवायद चल रही है। ट्रैफिक के साथ थाने की फोर्स को लगाया गया है। इसके बावजूद ट्रैफिक व्यवस्थित नहीं हो पा रहा है। शनिवार सुबह डीसीपी पश्चिम राजेश कुमार सिंह बिल्हौर जा रहे थे। कल्याणपुर क्रासिंग के नजदीक उन्हें छह-सात टेंपो बीच सड़क पर सवारियां बिठाते नजर आए। इनकी वजह से जाम लग रहा था। उन्हें वहां कल्याणपुर थाने के दारोगा सतीश यादव, पीयूष पाठक और रामफल सरोज भी मूकदर्शन बने नजर आए, जिस पर उन्हें लाइन हाजिर कर दिया। कल्याणपुर क्रासिंग पर टीएसआइ अतिउल्ला खान की भी ड्यूटी थी। उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए डीसीपी ट्रैफिक को पत्र लिखा गया है। डीसीपी पश्चिम ने कल्याणपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार और पनकी रोड चौकी इंचार्ज से स्पष्टीकरण मांगा है।

