मोबाइल पर एक साल से खोज रहा था अकेले बैंक लूटने के तरीके
कानपुर : पतारा स्थित स्टेट बैंक आफ इंडिया (एसबीआइ) की शाखा में लूट करने की कोशिश में प्रबंधक, कैशियर और गार्ड पर हमला करने के आरोपित को रविवार को न्यायालय में पेश करके जेल भेजा दिया गया। इससे पहले पुलिस की पूछताछ में पता चला कि आरोपित करीब एक साल से लूट की तैयारी कर रहा था। उसकी गूगल हिस्ट्री अकेले बैंक कैसे लूटें आदि सवालों से भरी मिली है। वहीं यू-ट्यूब में भी उसने लूटपाट से जुड़े कई वीडियो देखे हैं। आरोपित लवी के मोबाइल में इससे जुड़े करीब 50 वीडियो डाउनलोड मिले हैं।
बैंक में शनिवार सुबह साढ़े 10 बजे लूट करने के इरादे से एक युक्क घुसा और सीधे गार्ड सुनील कुमार पर हमला किया था। उसे पकड़ने में प्रबंधक वीरेंद्र सिंह और कैशियर प्राणनाथ शुक्ला भी घायल हो गए थे। हमलावर को दबोचने के बाद पुलिस को सूचना दी गई थी। पुलिस ने हमलावर के पास से एक तमंचा, चाकू, दो सर्जिकल ब्लेड और दो सूजे जो कलाई और पैर में बंधे थे, बरामद किए थे। एसीपी रंजीत कुमार ने बताया कि आरोपित लवी के घर पर मिले मोबाइल से पता चला है कि वह करीब एक साल से बड़ी लूट को अंजाम देने की बारे में सोच रहा था। उसने यूट्यूब पर कई ऐसे वीडियो देखे थे, जिसमें अकेले लूट को अंजाम देने के तरीकों को बताया गया है। उसकी गूगल हिस्ट्री इन्हीं सवालों से भरी पड़ी है कि जैसे, बड़ी लूट को अकेले कैसे अंजाम दें? अकेले बैंक लूट कैसे करें? ज्वैलरी शाप कैसे लूटें? बड़ी घटना करने के लिए क्या तैयारी करें? बड़ी संख्या में उसने यू-ट्यूब के वीडियो भी देखे हैं।

