सुलह करने आया पति तीन तलाक बोल फरार
आगराः निकाह के दस वर्ष बाद अतिरिक्त दहेज की मांग कर पति ने पत्नी को निकाल दिया। समाज के लोगों के कहने पर पति और ससुरालीजन सुलह के लिए आए। पत्नी ने साथ ले जाने की जिद की तो पति ने सबके सामने पत्नी को तीन बार तलाक बोल दिया। परिवार के लोग पुलिस के पास पहुंचे तो आरोपित वहां से फरार हो गए। एक माह बाद वकील से तलाक का नोटिस भेज दिया। अपर पुलिस आयुक्त संजीव त्यागी ने शिकायत पर रकाबगंज थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
बालूगंज की रहने वाली पीड़िता सुल्ताना ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी दस वर्ष पहले धौलपुर के बाड़ी जिले के शाहरूख के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति और ससुरालीजन दहेज में दो लाख अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। 15 अक्टूबर 2024 को पति ने ससुरालीजन के साथ मिलकर मारपीट कर घर से निकाल दिया।
आठ दिसंबर को समाज के लोगों के कहने पर पति और अन्य घर आए। मकान को 93 लाख रुपये में बेचने की जानकारी दी। नया मकान खरीदने पर साथ ले जाने के लिए कहा। पीड़िता ने बच्चों के पालन में परेशानी का हवाला देकर साथ ले जाने को कहा। इस बात पर पति ने तीन बार तलाक बोल दिया।
परिवार के लोग तुरंत बालूगंज चौकी पहुंचे। पुलिस आने से पहले आरोपित फरार हो गए। नौ जनवरी को पति ने तलाक का नोटिस भेज दिया। इंस्पेक्टर देवकरन ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

