युवती से मोबाइल लूटकर भागे तीन युवकों को जेल भेजा
कानपुरः गोविंद नगर में पापुलर धर्मकांटा के पास सोमवार रात बाइक सवार तीन युवक एक युवती का मोबाइल लूटकर भागे, लेकिन युवती शोर मचाते हुए उनके पीछे दौड़ी तो लुटेरे हड़बड़ा गए और उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दूसरी बाइक से टकरा गई। तीनों के गिरते ही उन्हें लोगों ने पीटा और पुलिस को सौंप दिया। पीड़िता की तहरीर पर तीनों लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मंगलवार को पुलिस ने जेल भेजा है।
परमपुरवा निवासी मुस्कान के मुताबिक, वह घर से कुछ काम से सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे निकली थी। पापुलर धर्मकांटा के पास एक दुकान के पास सामने से आए बाइक पर सवार तीन युवकों में से एक ने झपट्टा मारकर उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया। वह शोर मचाते दौड़ी तो दुकान पर मौजूद लोग भी दौड़ पड़े। सामने से आई बाइक से लुटेरों की बाइक टकरा गई और तीनों गिर पड़े।
लोगों ने उन्हें पकड़कर पहले पीटा फिर पुलिस को सूचना दी। गोविंद नगर थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए लुटेरों ने अपना नाम जूही बंबुरहिया निवासी शुभम गौतम, ऋषि और शिवा बताया है। उन्हें जेल भेजा गया है।

