पटरी दुकानदार बनाए जाएंगे ब्रांड एंबेसडर
लखनऊ: सरकार प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पटरी दुकानदारों (स्ट्रीट वेंडर्स) को ब्रांड एंबेसडर बनाने जा रही है। इस पहल के तहत सोमवार से 'स्वनिधि भी, स्वाभिमान भी' पखवाड़ा शुरू हो गया है। यह पखवाड़ा दो दिसंबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर विकास विभाग को इस आयोजन में पटरी दुकानदारों और उनके परिवारों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत टीवीसी (टाउन वेंडिंग कमेटी) के सदस्य और सक्रिय पटरी दुकानदारों को स्वनिधि मित्र के रूप में चिह्नित किया जा रहा है। यह अन्य स्ट्रीट वेंडर्स को योजना का लाभ दिलवाने में मदद करेंगे। प्रदेश सरकार पटरी दुकारदानों को डिजिटल लेन-देन के लिए प्रेरित कर रही है।
पखवाड़ा के दौरान पटरी दुकानदारों के लिए मुफ्त चिकित्सा और स्वास्थ्य जांच शिविरों का भी आयोजन किया जाएगा। योजना से पटरी दुकानदारों को न केवल आर्थिक सहायता मिल रही है, बल्कि समाज में उनके योगदान को भी सम्मानित किया जा रहा है।


