चाकू लहराते हुए पुलिस चौकी के सामने बनाया वीडियो, वायरल
लखनऊः पारा थाने के हंसखेड़ा पुलिस चौकी के सामने शुक्रवार को हाथ में चाकू लेकर नाचते हुए एक महिला का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। महिला की शिनाख्त काशीराम कालोनी निवासी हिमांशी यादव के रूप हुई।
पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की व हिदायत देकर छोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक महिला ने वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया था। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गई। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। पारा इंस्पेक्टर ब्रजेश वर्मा के मुताबिक हिमांशी यादव की स्कूटी का चालान कर दिया गया है और हिदायत देकर छोड़ दिया गया।


