विजिलेंस ने लेखपाल को 10 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ दबोचा
प्रयागराज : मेजा तहसील में कार्यरत लेखपाल राघवेंद्र कुमार यादव को विजिलेंस ने 10 हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। लेखपाल ने जमीन की पैमाइश कर समस्या का समाधान करने के लिए रिश्वत मांगी थी। उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा लिखा गया है।
![]() |
| विजिलेंस की गिरफ्त में घूसखोरी का आरोपित लेखपाल एक्सप्रेस मॉर्निंग |
मेजा नेवढ़ियाकला बम्भनी गांव निवासी साकेत कुमार मिश्रा की भूमिधरी जमीन पर तेजबली गुप्ता द्वारा कब्जा कर लिया गया था। साकेत ने डीएम से लेकर अन्य अधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद राजस्व अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पत्थरगड़ी करवाई। आरोप है कि विपक्षी ने पत्थर को उखाड़कर फेंक दिया। तब साकेत ने फिर एसडीएम समेत अन्य से शिकायत की। तहसीलदार से मिलने पर उन्होंने कहाकि प्रार्थना पत्र लेखपाल के पास पहुंच जाएगा। तीन दिन पहले
लेखपाल ने वाट्सएप पर काल किया और साकेत को टिकरी चौराहे के पास बुलाया। वहां पहुंचने पर लेखपाल राघवेंद्र ने काम करने के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। तब शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। बुधवार दोपहर विजिलेंस टीम ने लेखपाल राघवेंद्र को घूस लेते ट्रैप किया। आरोपित मेजा के अमिलियाकला चोरबना गांव का निवासी है। गुरुवार को उसे एंटी करप्शन कोर्ट वाराणसी में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा।


