अतिक्रमण हटवाने पहुंची पुलिस के सामने पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास, शरीर पर तेल छिड़कते भाई-बहन, वायरल...
बस्ती। जिले के गौर थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव में सार्वजनिक रास्ते से अतिक्रमण हटवाने पहुंची पुलिस के सामने ही युवक व युवती ने आत्मदाह की कोशिश की। युवक ने खुद के ऊपर पेट्रोल डाल लिया तो युवती ने अपने दुपट्टे में आग लगा ली। पुलिस ने आग बुझाकर युवती को सुरक्षित बचा लिया। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
शुक्रवार को गौर थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव में उस समय अजीबो-गरीब स्थिति पैदा हो गई, जब गौर पुलिस सार्वजनिक रास्ते से अतिक्रमण हटवाने पहुंची। अतिक्रमणकारी का कहना था कि यह रास्ता नहीं, बल्कि उसकी खुद की भूमि है। अतिक्रमण हटाने कार्य शुरू
हुआ, इसी बीच एक युवक ने खुद के ऊपर गैलन से ज्वलनशील पदार्थ उड़ेलने लगा। उसकी बहन अपने दुपट्टे में आग लगा ली और दुपट्टा धू-धूकर जलने लगा। महिला आरक्षियों ने किसी तरह आग बुझाकर युवती को सुरक्षित बचा लिया। प्रभारी निरीक्षक रामकुमार राजभर ने बताया कि एसडीएम हरैया के आदेश के अनुपालन में सार्वजनिक रास्ते से अतिक्रमण हटवाने पुलिस टीम गई थी। कार्रवाई में बाधा डालने के लिए घटना प्रायोजित की गई। घटना की रिपोर्ट भेजकर उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।


