शार्ट सर्किट से पटाखे की दुकान में लगी आग, खलबली
• बाजार के बीच में आग लगने से मची रही अफरातफरी
• दुकानदारों ने किसी तरह आग पर पाया काबू
सहसों : चौराहे पर दीपावली पर पटाखे की दुकान में अचानक शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी से आग लग गई। यह देखकर आसपास के दुकानदारों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
पुलिस प्रशासन ने जांच के बाद अन्य पटाखे की दुकानदारों को सुरक्षित व्यवसाय करने की चेतावनी दी। सहसों चौराहा निवासी शिवम केसरवानी पुत्र सूर्य प्रकाश केसरवानी ने चौराहे पर ही पटाखे की दुकान खोल रखी थी।
रात में विद्युत प्रकाश के लिए विद्युत तार खींचा गया। दोपहर बाद लगभग 2:30 बजे अचानक शार्ट सर्किट से चिंगारी निकली जिससे पटाखे की दुकान में आग लग गई।
यह देखकर आसपास के दुकानदार पानी से आग बुझाना शुरू कर दिया और जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया। किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ। चौकी प्रभारी सहसों शिव प्रताप सिंह का कहना है कि शार्ट सर्किट से आग लगी थी। समय रहते आग बुझा दी गई।


