सेवा संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ, रक्तदान व फल वितरण से मनाया प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन
बस्ती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर और फल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान का शुभारंभ भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी एवं जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने किया।
इस दौरान युवाओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान करते हुए सेवा भाव का परिचय दिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और युवाओं ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी एवं जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उन्हें फल वितरित किए। फल प्राप्त कर मरीजों और उनके परिजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्गों तक पहुंचकर सेवा, सहयोग और संवेदना का संदेश देना है। अभियान के अंतर्गत जिलेभर में विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें स्वच्छता अभियान, रक्तदान, फल वितरण और जनसंपर्क कार्यक्रम प्रमुख हैं।
