पीएम आवास किराये पर देने का आरोप, हियुवा नेता ने डीएम से की जांच व कार्रवाई की मांग
बस्ती। हिन्दू युवा वाहिनी के जिला महामंत्री विनय सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटित मकान को कथित रूप से किराये पर दिए जाने के मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
विनय सिंह ने आरोप लगाया है कि कोतवाली थाना क्षेत्र के कटरा पतेलवा वार्ड संख्या-24 निवासी एहसानुल्लाह पुत्र रहमतुल्ला एवं नियाज अहमद पुत्र रहमतुल्ला ने तथ्यों को छिपाकर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्राप्त किया। शिकायत में कहा गया है कि दोनों लाभार्थी आर्थिक रूप से सक्षम हैं तथा उनके पास पहले से दो मंजिला मकान मौजूद हैं। इसके बावजूद उन्होंने सरकारी योजना का लाभ लेकर आवास प्राप्त किया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि योजना के तहत निर्मित आवास में स्वयं रहने के बजाय उसे किराये पर देकर आर्थिक लाभ लिया जा रहा है, जो योजना की मंशा के विपरीत है। उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।