फर्जी फाइनेंसर बनकर राहगीरों से करते थे वसूली, कप्तानगंज पुलिस ने दबोचे दो शातिर
बस्ती। कप्तानगंज पुलिस ने फर्जी फाइनेंसर बनकर राहगीरों की गाड़ियां जबरन कब्जे में लेने और वसूली करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन मोटरसाइकिल और वारदात में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार बरामद की है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आदर्श सिंह निवासी गोण्डा और शशांक पाण्डेय निवासी कप्तानगंज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को धमकाकर उनकी गाड़ियां छीन लेते थे और फिर वाहन वापस करने के नाम पर पैसों की मांग करते थे। पैसा न मिलने पर वाहन अपने कब्जे में रख लेते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक व्यक्ति के इशारे पर काम करते थे, जो उन्हें वाहन और “कोड” उपलब्ध कराता था। उसी के निर्देश पर वे लोगों को मौत और गंभीर चोट का भय दिखाकर वाहन कब्जे में लेते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को रेहरवा-टिनिच मार्ग स्थित नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। बस्ती पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बिना वैध दस्तावेज और नोटिस के वाहन कब्जे में लेने वाले फर्जी फाइनेंसरों से सावधान रहें तथा ऐसी किसी भी घटना की तत्काल पुलिस को सूचना दें।
