बस्ती में रंगमंच पर उतरेगी मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा की कहानी
बस्ती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बस्ती जिले में ‘नमो सेवा – अनकही कहानियाँ’ नामक विशेष नाट्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने दी।
उन्होंने बताया कि इस नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को संवाद, अभिनय और संगीत के जरिए मंच पर जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री बनने तक की प्रमुख घटनाओं और जनकल्याणकारी पहलों को दर्शाया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि अभियान के तहत जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में 30-30 नाट्य प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इस प्रकार कुल 150 मंचन स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और सार्वजनिक स्थलों पर किए जाएंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा, समर्पण, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। प्रेस वार्ता में जिला उपाध्यक्ष दिलीप पांडेय, मीडिया प्रभारी अजय पाल सिंह, नीरज त्रिपाठी, सुरेंद्र चौधरी, अमृत कुमार वर्मा और अश्वनी श्रीवास्तव मौजूद रहे।
