8 सूत्रीय मांगों को लेकर लेखपालों का ऐलान, 22 सितंबर से हड़ताल की चेतावनी
बस्ती। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने अपनी लंबित 8 सूत्रीय मांगों के समर्थन में आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 21 सितंबर 2026 तक शासन स्तर पर मांगों के संबंध में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई तो 22 सितंबर से लेखपाल अतिरिक्त हल्कों का कार्य पूरी तरह बंद कर हड़ताल पर चले जाएंगे।
लेखपाल संघ के जिलामंत्री अंकित चौधरी ने बताया कि मंडल स्तर पर स्थानांतरण, यात्रा भत्ता, 2800 ग्रेड पे सहित विभिन्न मांगों को लेकर संघ पिछले कई वर्षों से ज्ञापन, काली पट्टी बांधकर विरोध और सांकेतिक धरना जैसे कार्यक्रम करता रहा है, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है। इस संबंध में जिलाधिकारी तथा जिले की चारों तहसीलों के उपजिलाधिकारियों को पत्र भेजकर आंदोलन की सूचना दे दी गई है।
संघ पदाधिकारियों का कहना है कि मांगों के समाधान तक आंदोलन जारी रहेगा और अतिरिक्त हल्कों का कार्य नहीं किया जाएगा। बैठक में जिलाध्यक्ष राजेश पाण्डेय, सदर अध्यक्ष महेंद्र, भनपुर अध्यक्ष कमलभान, रुधौली अध्यक्ष पंकज सिंह, हरैया अध्यक्ष कृष्ण मोहन पटेल सहित बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे।
