शाइन सिटी के खिलाफ एक और मुकदमा
प्रयागराज। रियल एस्टेट कंपनी शाइन सिटी के खिलाफ एक और मुकदमा लिखा गया है। कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइंस पुलिस ने कंपनी के सीएमडी राशिद नसीम, उसके भाई एमडी आसिफ नसीम व फैज अहमद, अभिषेक सिंह, मनोज को नामजद किया है। कर्नलगंज निवासी योगेश प्रताप सिंह को नैनी में एक जमीन दिखाई गई। इसके बाद सिविल लाइंस स्थित दफ्तर में फर्जी सर्टिफिकेट समेत अन्य कागजात दिखाए गए।
कंपनी ने लालच व प्रलोभन देकर पहले चरण में करीब डेढ़ लाख रुपये लिया। इसके बाद अलग- अलग किश्त में लगभग पांच लाख रुपये से ज्यादा जमा कराए। पूरी किश्त समाप्त होने पर जब वह कार्यालय पहुंचे तो कर्मचारी फैज ने बताया कि अब बारा तहसील में जमीन मिलेगी। भूमि देने में हीलाहवाली की गई और जब दोबारा कार्यालय गया तो ताला बंद मिला। इसी बीच पता चला कि कंपनी पैसा लेकर भाग गई है।
गाढ़ी कमाई की रकम डूबने से परेशान योगेश ने थाने में शिकायत दी, लेकिन मुकदमा नहीं लिखा गया। तब उसने अदालत का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद अब केस दर्ज हुआ। इसी कंपनी के खिलाफ पूरे प्रदेश में करीब 500 मुकदमे दर्ज हैं। फरार सीएमडी पर पांच लाख रुपये का इनाम है, जबकि एमडी समेत कई आरोपित जेल में बंद हैं।


