दीपावली पर दीये से लगी आग, दम घुटने से उद्यमी समेत तीन की मौत, शादी की 25वीं वर्षगांठ की तैयारी में...
शादी की 25वीं वर्षगांठ की कर रहे थे तैयारी
व्यापारी के एक पारिवारिक मित्र ने बताया कि आगामी 25 दिसंबर को संजय श्यामदासानी और उनकी पत्नी कनिका की शादी की 25वीं वर्षगांठ थी, जिसको लेकर दंपती जोर-शोर से तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले हुए हादसे ने उनकी खुशियों को ग्रहण लगा दिया।
कानपुर : दीपावली पर लक्ष्मी पूजन में जलाए दीपक से भड़की आग ने उद्यमी और उनकी पत्नी के साथ घर की नौकरानी की जान ले ली। मंदिर में जलते दीये से पर्दे में आग लगी और घर में वुडेन वर्क (लकड़ी का काम) और फाल सीलिंग के कारण तेजी से भड़की। आग लगने के कारण घर के दरवाजों में लगे इलेक्ट्रानिक लाक जाम हो गए, जिससे तीनों बाहर नहीं निकल सके। नीचे की मंजिल पर रहने वाले उद्यमी के भाई की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग को काबू करके तीनों को बाहर निकाला। आनन-फानन उन्हें रीजेंसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
![]() |
| मृतक दंपती की फाइल फोटो - एक्सप्रेस मॉर्निंग |
पांडू नगर एच-1 ब्लाक निवासी संजय श्यामदासानी की पारले जी बिस्कुट फैक्ट्री की फ्रेंचाइजी है। परिवार में पत्नी कनिका और बेटा हर्ष है। संजय ने घर की सुरक्षा के लिए आटोमेटिक गेट लगवा रखे थे।
दीपावली से कुछ दिनों पहले ही उनके यहां वुडेन वर्क हुआ था। स्वजन ने बताया कि गुरुवार को दीपावली का पूजन करने के बाद वह पत्नी कनिका के साथ सो गए। देर रात मंदिर में रखे दीपक से पहले पर्दे में आग लगी।


