फर्जी कंपनी के खिलाफ मुकदमे के बाद कई और पीड़ित पहुंचे थाने
प्रयागराज : प्री चार्ज पे नामक फर्जी कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद कई और पीडित थाने पहुंचे हैं। उन्होंने कंपनी के संचालक समेत अन्य पर रकम दोगुना करने का झांसा देकर ठगी करने का आरोप लगाया है। निवेशकों ने अपनी-अपनी तहरीर पर भी मुकदमा दर्ज करने और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उधर, पुलिस कंपनी से जुड़े सभी अभिलेखों का सत्यापन कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कागजातों में अगर हेराफेरी या कूटरचना की गई तो मुकदमे में धारा भी बढ़ाई जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि अब तक जो इनपुट मिले हैं, उसके आधार पर मामला करोड़ों रुपये की ठगी का सामने आ रहा है। बेनीगंज निवासी अब्दुल शाहिद की तहरीर पर शाहगंज पुलिस ने व्यापारी नेता मो. कादिर, मो. काशिफ उर्फ सनी और उसके भाई मो. आसिफ के खिलाफ मुकदमा कायम किया है। जीटीबी नगर करेली निवासी गुलशमा परवीन से साढ़े 11 लाख, करेली के ही मो. हसीन से 60 हजार समेत अन्य लोगों से लाखों रुपये की हुई ठगी की तहरीर दी। कंपनी के विरुद्ध एफआइआर होने के बाद कई और निवेशक गुरुवार को थाने पहुंचे। उन्होंने अलग-अलग रकम की ठगी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। कहा गया है कि उनकी भी तहरीर के मुकदमे में जोड़ा जाएगा। इसके बाद रकम के आधार विवेचना को आगे बढ़ाते हुए सभी साक्ष्य संकलित किया जाएगा।


