ट्रैक्टर की ठोकर से चार वर्षीय मासूम की मौत
डुमरियागंज : डुमरियागंज थाना क्षेत्र के भरवठिया मुस्तहकम गांव में शुक्रवार को ट्रैक्टर की चपेट में आने से चार वर्षीय मासूम की मृत्यु हो गई। घटना शुक्रवार दोपहर 12 बजे की बताई जा रही है। आहिल फाइल फोटो घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
उक्त गांव निवासी मो. इशरार का चार वर्षीय बालक आहिल उर्फ छोटू घर से कुछ दूरी पर रास्ते के बगल में खेल रहा था। इसी रास्ते से एक ट्रैक्टर बिना नंबर की धान कुटने की मशीन लेकर आ रह था कि बालक उससे टकरा गया। इससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। जब तक मौके पर लोग पहुंचते चालक ट्रैक्टर छोड़ फरार हो गया। पुलिस मशीन सहित ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाने ले आई। प्रभारी निरीक्षक रमेश कुमार यादव ने बताया कि चालक फरार है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


