सब्जी-मंडी में सब्जी उतारने के दौरान गिरा पल्लेदार, हुई मौत
बस्ती। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी हड़िया के पास अमौली स्थित सब्जी मंडी में शनिवार की देर रात से एक पल्लेदार की टमाटर उतारने के दौरान गिरने से मौत हो गई। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी हड़िया आशुतोष कुमार शुक्ला ने मृतक की पहचान कराकर स्वजन को घटना की जानकारी दी।
संतकबीर नगर जिले के मेहदावल थाना क्षेत्र के भट्ठवा गांव के विसौआ टोला निवासी 46 वर्षीय चौबे यादव पुत्र कतारू बस्ती के सब्जी मंडी अमौली में रहकर पल्लेदारी करते थे। शनिवार की देर रात वह सब्जी व्यवसायी हामिद का ट्रक से आया हुआ टमाटर नीचे उतार रहे थे। टमाटर उत्तारते समय वह अचानक पीछे की तरफ गिर गए। इससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। कुछ ही देर बाद ही उनकी मृत्यु हो गई। किसी ने घटना की सूचना चौकी प्रभारी हड़िया को दे दी। उन्होंने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा करवाया। घटना की सूचना मिलने के बाद रविवार की सुबह मृतक चौबे यादव की पत्नी ऊषा देवी गांव के लोगों के साथ मंडी पहुंची और पति के शव से लिपट कर रोने लगीं। गांव के रमई यादव ने बताया कि मृतक पिछले 10 वर्षों से सब्जी मंडी अमौली में रहकर पल्लेदारी करता था। बताया कि दीपावली में वह घर भी गए थे।
शनिवार को दोपहर तीन बजे घर से मंडी के लिए निकले थे। चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक के सिर के पीछे चोट लगी हैं। मृतक की पत्नी द्वारा तहरीर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।


