खेत में टूटे तार की चपेट में आकर किसान की मौत, छाया मातम
बस्ती। खेत में टूटकर गिरे 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आने से शनिवार को एक किसान की मृत्यु हो गई है। मृत किसान के पुत्र ने कप्तानगंज थाने में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।
जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के चौखड़ा गांव में किसान परशुराम चौधरी अपने बेटे अशोक के साथ सुबह 10 बजे खेत में जोताई-बोआई कार्य में जुटे थे। इस दौरान दो लाइनमैन खेत में पहुंचे। उनसे टूटकर गिरे तार को दिखाने के लिए कहा। संविदा लाइनमैन विशाल उर्फ बंटी तथा योगेंद्र के साथ किसान परशुराम चौधरी टूटकर गिरे तार को दिखाने खेत के पूरब तरफ गए, तभी वह तार की चपेट में आकर झुलस गए। घटना देख दोनों लाइनमैन चिल्लाने लगे। शोर सुन अशोक भी खेत के उस ओर दौड़ पड़े।
आनन फानन में भाई दिलीप भी खेत में पहुंच गया। वहां से सीएचसी कप्तानगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में अवर अभियंता विद्युत राजितराम ने बताया कि तार रात में टूटा या दिन में टूट कर गिरा, इस संबंध में सही जानकारी मिल नहीं पा रही है। यदि तार टूटा तो लाइन भी बंद हो जानी चाहिए थी। 11 हजार वोल्ट तार टूटने से मशीन भी नहीं चल पाएगी।
बिना शटडाउन लिए तार ठीक करने लाइनमैन गए, कैसे यह भी पता किया जा रहा है। उपखंड अधिकारी विद्युत बागीश गुप्ता ने बताया कि तार टूटकर कब गिरा, अभी स्पष्ट नहीं है। तार गिरने के साथ ही अवैध मोटर चलाने की बात भी सामने आ रही है। पता कराया जा रहा है कि तार कब से टूटकर गिरा था, जिसे ठीक नहीं किया जा सका और ऐसी घटना हो गई है।


