सड़क हादसे में बाइकों की भिड़ंत; एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर...
बस्ती : जिले के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पडिया- हनुमानगंज मार्ग पर स्थित गंधरिया गजराज गांव के समीप रविवार की शाम करीब छह बजे दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पुलिस व ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल भिजवाया गया। वहां एक युवक राजू उर्फ बदरे आलम को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
रुधौली थाना क्षेत्र के परसा सूरत गांव निवासी 35 वर्षीय राजू उर्फ बदरे आलम पुत्र नुरुलहुदा घर से बाइक लेकर पड़िया की तरफ जा रहे थे। इसी बीच पड़िया से अपने घर की तरफ जा रहे उसी गांव के 24 वर्षीय नूर आलम पुत्र मुस्तकीम के बाइक की गंधरिया गजराज गांव के सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
तत्काल सूचना देने के बाद भी एक घंटे बाद पहुंची एंबुलेंस पड़िया-रुधौली मार्ग पर गंधरिया गजराज के सामने हुई दुर्घटना मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि 112 व एंबुलेंस को काल किया गया, लेकिन एक घंटे इंतजार के बाद एंबुलेंस पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल ले गई।
वहां राजू उर्फ बदरे आलम को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया, जबकि नूर आलम का उपचार चल रहा है। घटनास्थल पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक मोती चंद ने दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर घटना के संबंध में लोगों से जानकारी ली।
समय से एंबुलेंस के न पहुंचने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। बदरे आलम तीन माह पहले ही मुंबई से घर आया था।


