खूब हुआ धूम-धड़ाका, आठ करोड़ का रहा पटाखा बाजार
आगराः हर्षोल्लास के त्योहार दीपावली पर खूब धूम- धड़ाका हुआ। अनुमान है कि इस बार पटाखा बाजार करीब आठ करोड़ का रहा। आतिशबाजी से आकाश रंगीन बना रहा, धरा से लेकर आसमान तक पटाखों की गूंज रही।
पटाखा बाजार से लेकर हर कारोबार को इस बार दीपावली के त्योहार से काफी उम्मीदें थीं। ये उम्मीदें पूरी भी हुईं। त्योहार को लेकर सभी बाजारों में रौनक रही। लोगों ने जमकर खरीदारी की। पटाखा बाजार भी चरम पर रहा। पटाखों के थोक विक्रेता प्रदीप राना ने बताया कि दीपावली से 15 दिन पहले से बड़े स्तर पर पटाखों की खरीदारी प्रारंभ हो गई थी। रात 12 बजे तक बिक्री हुई। बताया कि पिछले साल की अपेक्षा इस बार पटाखों का बाजार लगभग डेढ़ गुना अधिक रहा है। जो लोग फुटकर में 20 हजार तक के पटाखे खरीदते थे,
उन्होंने इस बार 40 से 50 हजार रुपये तक की खरीद की। फुटकर विक्रेता रमनलाल ने बताया कि इस बार शहरवासियों ने भी पटाखों की जमकर खरीदारी की है। पटाखा विक्रेताओं का कहना है कि इस बार अनुमानित आठ करोड़ से अधिक का कारोबार रहा है।


