पिता की हत्या का बदला लेने को सुपारी देकर कराई प्रधानाचार्य की हत्या
भदोही (यूपी)। पुलिस ने बीते 21 अक्टूबर को इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कालेज के प्रधानाचार्य योगेंद्र बहादुर सिंह की हत्या के मामले में प्रयागराज के चिल्ला के शिवकुटी निवासी सौरभ सिंह और प्रयागराज के ही फाफामऊ के रुदापुर निवासी व उसके दोस्त मुहम्मद कलीम को गिरफ्तार किया है। सौरभ के पिता अजय बहादुर सिंह भी इसी
कालेज में शिक्षक थे और 1997 में हुई उनकी हत्या के मामले में प्रधानाचार्य योगेंद्र बहादुर और उनके भाई अनिल सिंह आरोपित थे। बाद में दोनों कोर्ट से बरी हो गए। सौरभ ने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए कलीम से मदद मांगी थी। कलीम ने प्रधानाचार्य की एक हफ्ता रेकी करने के बाद प्रयागराज के शूटरों से सौरभ की मुलाकात कराई। सौरभ ने पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी और 30 हजार रुपये एडवांस दिए थे।
पुलिस अधीक्षक डा. मीनाक्षी कात्यायन ने मंगलवार को बताया कि दोनों आरोपितों ने शूटरों के नाम बता दिए हैं, लेकिन अभी वे पकड़े नहीं गए हैं। 56 वर्षीय योगेंद्र बहादुर 21 अक्टूबर को सुबह अपने गांव अमिलौरी से कालेज जाने के लिए कार से निकले थे। ड्राइवर संतोष के अनुसार घर से 700-800 मीटर दूर बसावनपुर गांव के राजकीय नलकूप के पास अपाचे बाइक सवार दो युवकों ने मोबाइल फोन दिखाकर कार रुकवाई और योगेंद्र बहादुर को तीन गोलियां मारकर मोढ़ के रास्ते जौनपुर की ओर भाग निकले थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से मोढ़ में दो युवकों की पहचान की।


