मुख्यमंत्री जल्द ही करेंगे कुंभ नगर जनपद की घोषणा
प्रयागराज। महाकुंभ 2025 को लेकर कुंभ नगर नाम के अस्थायी जिले की घोषणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही करेंगे। शासन के निर्देश पर पिछले माह नए जिले के लिए महाकुंभ नगर के डीएम और प्रयागराज जिले के डीएम, महाकुंभ के एसएसपी और प्रयागराज के डीसीपी सिटी, एडीएम सिटी समेत एक दर्जन उच्चाधिकारियों की कमेटी गठित हुई थी। कमेटी ने दोनों जिलों की सीमा समेत थाना और तहसील का क्षेत्रफल तय कर दिया है। सर्वे का काम पूरा होने के बाद इसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। कुंभ नगर में चार तहसीलों के 48 गांव शामिल किए जा रहे हैं। यहां 20 थाने 65 चौकियां अस्थायी रूप से बनाई जाएगी।
प्रयागराज में संपूर्ण जिले की तरह कुंभ नगर भी होगा। यह जिला पांच माह का होगा। यहां के थानों में भी मुकदमे लिखे जाएंगे और उनकी विवेचना होगी। प्रयागराज मेला प्राधिकरण ने क्षेत्र तय कर दिया है। सदर तहसील, करछना, फूलपुर और सोरांव के 48 गांवों व मोहल्लों को इसमें शामिल किया गया है।
अफसर तैनात हो चुके हैं। अभी यहां बीस एसडीएम, बीस एएसपी और 50 से ज्यादा एसडीएम व सीओ तैनात किए जाने हैं। सभी अधिकारियों के कार्यालय और आवास भी बनाए जाएंगे। जिले की ही तरह यहां आपूर्ति विभाग, विद्युत विभाग, जल निगम, पीडब्ल्यूडी, स्वास्थ्य आदि विभागों के कार्यालय खोले जाएंगे। बिजली, पानी, सड़क, चिकित्सा, खाद्यान्न आदि की सुविधा भी दी जाएगी।
महाकुंभ 2025 की दृष्टि से निर्धारित समय के लिए एक नया जिला घोषित किया जाएगा। इसमें अधिसूचित क्षेत्र के लिए डीएम के साथ पूरा पुलिस-प्रशासनिक महकमा अलग है। नोटिफिकेशन में सब स्पष्ट होगा। भीड़ प्रबंधन की दृष्टि से सड़कों को लेकर भी स्पष्टता होगी। पूर्व के अनुभवों को देखते हुए गांवों के चयन, पार्किंग आदि को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

%20(1).jpeg)
