एटीएम में छेड़छाड़ कर पैसा निकालने वाले गिरफ्तार
प्रयागराज : एटीएम में छेड़छाड़ कर पैसा निकालने वाले लोगों को शिवकुटी पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने प्रतापगढ़ के अकोडिया मानधाता निवासी आशीष कुमार और विपिन पटेल को गिरफ्तार किया है। उन दोनों के कब्जे से 15 हजार से अधिक नकदी, एटीएम कार्ड, कैंची, कटर, सात स्ट्रिप प्लेट व बैग बरामद किया गया है।
गोविंदपुर चिल्ला निवासी अजय कुमार तीन दिन पहले स्टेट बैंक आफ इंडिया के एटीएम में पैसा निकालने गया था। उसने मशीन में एटीएम कार्ड लगाकर स्वाइप किया, लेकिन पैसा नहीं निकला।
अलबत्ता खाते से पैसा कट गया। तब पीड़ित ने बैंक अधिकारियों को जानकारी देते हुए शिवकुटी थाने में केस दर्ज कराया। पुलिस ने एटीएम में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो सुराग मिला।
इसके बाद दारोगा अजीत कुमार वर्मा और दीपक सिंह समेत अन्य की टीम ने घेरेबंदी कर आशीष व विपिन को दबोच लिया। इंस्पेक्टर शिवकुटी वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि अभियुक्त एटीएम में पैसा निकालने वाले स्थान पर काले रंग की पट्टी लगा देते थे। बाद में काली पट्टी हटाकर पैसा चुरा लेते थे। आशीष के खिलाफ प्रतापगढ़ और बिहार में पांच मुकदमे दर्ज हैं।


